वॉशिंगटन । अमेरिका में बैक्टीरियल इन्फेक्शन  से जुड़ी एक बीमारी तेजी से फैल रही है। करीब 37 राज्यों में सैकड़ों लोग बीमार हो चुके हैं। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया है। उसने अमेरिकियों को चेतावनी दी है कि बिना लेबल वाली लाल, पीली और सफेद प्याज का सेवन न करें और यह घर में है तो इसे तुरंत फेंक दें।
‘साल्मोनेला’ के लक्षणों में दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन शामिल हैं। ये लक्षण खराब खाना खाने के छह घंटे से छह दिन बाद तक दिखाई देते हैं। रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने कहा है कि संक्रमण का एक सोर्स मैक्सिको के चिहुआहुआ से इम्पोर्ट प्याज में पाया गया है। इसे प्रो-सोर्स इंक द्वारा बांटा गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक खराब  प्याज खाने से 652 लोग अलग-अलग राज्यों में बीमार हो चुके हैं। इसमें 129 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं है। सीडीसी ने कहा है कि बीमार लोगों की वास्तविक संख्या प्राप्त जानकारी से कहीं अधिक होने की संभावना है। संक्रमण के केस 31 मई से 30 सितंबर के बीच दर्ज किए गए। सीडीसी ने एक बयान में कहा बीमार लोगों में से 75 फीसदी ने शायद कच्ची प्याज या उससे बनी कोई डिश खाई थी। वहीं, कई कई बीमार लोगों ने एक ही रेस्तरां में खाना खाने की जानकारी दी थी।
सीडीसी ने लोगों को चिहुआहुआ से इम्पोर्ट होने वाली प्याज को न खरीदने और प्याज के स्टॉक को तुरंत फेंक देने की सलाह दी है। उसने कहा कि ऐसी प्याज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, जिनमें स्टिकर या पैकेजिंग नहीं हो। सभी सतहों और कंटेनरों को धोने के लिए गर्म साबुन पानी या डिशवॉशर का उपयोग करके प्याज को छू सकते हैं।