
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना टीकाकरण का आंकड़ा तीन करोड़ को पार कर गया है। पहली और दूसरी डोज को मिलाकर अब तक तीन करोड़ एक हजार 122 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। पहली डोज के 100 फीसद लक्ष्य से प्रदेश अब केवल पांच फीसद दूर है। 58 फीसद लोगों को दोनों डोज लग चुकी है।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. वीआर भगत ने बताया कि प्रदेश में अब तक एक करोड़ 86 लाख 40 हजार 909 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। वहीं एक करोड़ 13 लाख 60 हजार 213 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य के 58 फीसद लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। जिनको पहली डोज लग चुकी है वे दूसरा डोज लगवाने के लिए आ रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम हर जिले में घूम-घूमकर छूटे लोगों को टीका लगा रही है।
एक दिन में 1.05 लाख से अधिक को लगा टीका
विभाग के मुताबिक राज्य में कुल 3,177 टीकाकरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें मंगलवार को एक लाख पांच हजार से अधिक को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई गईं। अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था के आधार पर टीकाकरण केंद्रों को घटाया-बढ़ाया जा रहा है।
कोरोना नियंत्रण में कामयाबी
प्रदेश में बेहतर टीकाकरण से कहीं न कहीं कोरोना नियंत्रण में हमें कामयाबी मिली है। विभाग फरवरी तक राज्य में 100 फीसद टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कर सकता है। जिन्होंने भी टीका नहीं लगवाया है, वह केंद्रों में जाकर लगवा सकते हैं।
