
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में निर्माण परिवर्तन की ओर संस्था के श्री नरेश मोटवानी, श्रीमती अनीता बरछे और भूमिका बरछे के साथ वृक्षा-रोपण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पीपल और करंज के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौध-रोपण करते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों के साथ पौध-रोपण किया जाता है।
“निर्माण परिवर्तन की ओर” संस्था आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के नैतिक, शैक्षणिक विकास की दिशा में पिछले 4 साल से कार्यरत है। संस्था द्वारा नेहरू नगर की मांडवा बस्ती में नि:शुल्क अध्ययन केंद्र संचालित किया जा रहा है। केन्द्र में 105 बच्चे नि:शुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सात बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर रंगमंच में पुरस्कृत हो चुके हैं। इस वर्ष एक बच्ची भूमिका बरछे का दाखिला जे.ई.ई. से भोपाल की आरजीपीवी यूनिवर्सिटी में हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान को संस्था की अनीता बरछे, भूमिका बरछे ने स्वच्छा पर "अपनाएँ यह चार आर- बनाएँ भोपाल को गुलज़ार" शीर्षक से बनाई पेंटिंग भेंट की। पेंटिंग में पॉलिथिन के उपयोग को रोकने के लिए रिफ्यूज, पानी के मितव्ययी और पुन: उपयोग के लिए रिड्यूज और री-यूज तथा विभिन्न सामग्रियों को दोबारा उपयोग में लेने के लिए रि-साईकल करने का संदेश दिया गया है।
