गांव में बैलगाड़ी तो शहर में बाईक से निकाली तिरंगा रैली-भारत माता की जय और वंदे मातरम के गूंजे जयघोष। पुलिस जवानों ने बाइक रैली के माध्यम से लोगों में जगाया देश भक्ति का जज्बा
मंडीदीप
आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भारत सरकार आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत औद्योगिक नगर में व्यापक स्तर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत घर घर तिरंगा फहराने के लिए रैलियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पूरे नगर को तिरंगे रंग से सजाया जा रहा है, ताकि जहां नजर पड़े तिरंगा दिखाई दे। इस कार्य को मूर्त रूप देने सभी विभाग लगे हैं वहीं पुलिस जवान भी पीछे नहीं, जवानों ने आज दोपहर को नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर बाईक रैली निकाली। वहीं ग्राम निसानखेड़ा में बैलगाड़ी से तिरंगा रैली निकाल कर घर घर झंडा फहराने का संदेश दिया। राष्ट्र भक्ति मंच की ओर से डॉ आर बी सिंह ने ग्रामीणों को राष्ट्र भक्ति, देश प्रेम और वीर वीरांगनाओं के बलिदानों को याद कर तिरंगा फहराने का संदेश दिया।
रैली में रास्ते भर मोटरसाइकिल सवार पुलिस जवान हाथ में तिरंगा झंडा थामे नागरिकों का जोश बड़ा रहे थे। उनके साथ ही देश भक्त भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए उत्साह वर्धन कर रहे थे। बाईक रैली का शुभारंभ मंडीदीप थाना परिसर से थाना प्रभारी मनोज सिंह ने ध्वज दिखाकर रवाना किया गया ।
वहीं मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधीर उपाध्याय ने बताया कि नगर के 13 हजार 500 घरों में झंडा लगवाने के प्रयास किए गए हैं । अभियान का मुख्य उद्देश्य देश वासियों में राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूक और देशभक्ति की भावना और प्रेरणा जाग्रत करना है। इससे वे अपने राष्ट्र के प्रति कृतज्ञ हो राष्ट्रीय संपत्ति के संरक्षक बन देश की उन्नति में सहभागी हो सकेंगें।
गांवों में भी निकाली बैलगाड़ी से तिरंगा यात्रा-
शासकीय प्राथमिक शाला, निशान खेड़ा गांव मे बच्चों के साथ ग्रामीणों ने बैलगाड़ी पर तिरंगा यात्रा निकाली | बच्चों के साथ महिला पुरुष झंडा हाथ में लिए भारत माता की जय, वंदे मातरम और देश के शहीदों के जयकारे लगा रहे थे | इस अवसर पर जनपद सदस्य कमलेश उईके,शिक्षक मनोज नागर, कंचन नागर सुरेश मर्सकोले के साथ अतिथियों ने पौधा रोपण भी किया।
राष्ट्र भक्ति मंच ने संकल्प दिलाया-
राष्ट्रभक्ति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रणविजय सिंह ने लोगों को प्रतिदिन झंडा वंदन और भारत माता की आरती करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि अखंड भारत की संकल्पना तभी पूर्ण होगी जब हर घर मे राष्ट्र भक्त पैदा होगें। भारत माता के चरणों मे सहर्ष प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की फौज होगी। तभी भारत भारत रह पाएगा। अन्यथा आज जिस दौर से भारत गुजर रहा है ऐसे में आतंकवाद,अलगावाद,कम्यूनिस्ट और भारत विरोधियों की संख्या बढ़ेगी। जो देश के लिए घातक होगा। उन्होंने उपस्थित जन समूह को अपने अपने गांव में भारत माता की मूर्ति स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।


