कलेक्टर के नेतृत्व में रायसेन में निकाली गई विशाल तिरंगा रैली
रायसेन
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रायसेन में सागर रोड स्थित होमगार्ड परेड ग्राउण्ड से कलेक्टर अरविंद दुबे के नेतृत्व में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। यह रैली नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए महामाया चौक पर समाप्त हुई। रैली में कलेक्टर दुबे के साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, एसडीएम एलके खरे सहित पुलिस, होमगार्ड के जवान, एनसीसी और स्काउट के दल तथा स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा थामे चल रहे थे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक जिले के सभी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों द्वारा अपने घर, प्रतिष्ठान, कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है। जिले के नागरिकों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए बेहद उत्साह है। रायसेन के साथ ही गैरतगंज, बेगमगंज, सिलवानी सहित अन्य नगरों में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत निरंतर रैलियां और राष्ट्र जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।
