भाजपा की प्रियंका अग्रवाल ने जीता अध्यक्ष पद वहीं पुष्पा साहू उपाध्यक्ष निर्वाचित
अध्यक्ष के पक्ष में पड़े 21 वोट ,कांग्रेस के 2 पार्षदों ने की क्रॉस वोटिंग पढ़ें...पूरी खबर
मण्डीदीप - नगर पालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव सोमवार को संपन्न हुआ । प्रदेश की धनाढ्य नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा की प्रियंका राजेन्द्र अग्रवाल काबिज़ हुई हैं। तो उपाध्यक्ष के पद पर पुष्पा प्रेमशंकर साहू निर्वाचित हुईं। दोनों ही पदों पर भाजपा का कब्जा होने से भाजपाई ख़ुशी से झूमते नजर आए। सोमवार सुबह 10:30 बजे से नगर पालिका के सामुदायिक भवन में चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई भाजपा की और से वार्ड 5 की प्रियंका राजेन्द्र अग्रवाल और कांग्रेस की तरफ से वार्ड 9 की जाहिदा शाहिद अली ने अपना नामांकन दाख़िल किया। 
जैसे ही प्रियंका अग्रवाल और पुष्पा साहू की जीत की खबर भाजपा समर्थकों को लगी तो बड़ी तादात में सम्मलेन स्थल के बाहर पहुंच गए । ढोल नगाड़े एवं फूल माला पहनाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया गया ।
इससे पहले मतगणना स्थल पर ही बधाई दाताओं का तांता लगा रहा।
क्रास वोटिंग से कांग्रेस को लगा झटका :
नगर के 26 पार्षदों में से 19 भाजपा के और 7 कांग्रेस के थे। अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस के 2 पार्षदों ने क्रास वोटिंग की जिससे प्रियंका राजेन्द्र अग्रवाल को 21 मत प्राप्त हुए तो वहीं उपाध्यक्ष हेतु कांग्रेस की और से नामांकन दाखिल करने वाले जगदीश शर्मा को 7 तो भाजपा को 19 वोट मिले ।
पैदल घर निकल पड़ी नवनिर्वाचित अध्यक्षा :
नवनिर्वाचित अध्यक्षा प्रियंका राजेन्द्र अग्रवाल अधिवेशन स्थल से वार्ड नंबर 5 में स्थित अपने निज निवास तक अपने समर्थक के साथ पैदल ही पहुंची। इस दौरान जहां लोगों ने उनका जमकर स्वागत किया तो वहीं उन्होंने जनता का आभार जताया।
भाजपा ने दिखाया फिर दम :
19 पार्षदों के साथ जीतकर आने वाली भाजपा एक बार फिर अपना दम दिखाते हुए कांग्रेस को मायूसी की गलियों में छोड़ गई। लगातार रायशुमारी, बैठकों के दौर के बाद क्रॉस वोटिंग से अपनी मजबूती साबित करने वाली भाजपा संगठन की रणनीति का ही एक हिस्सा था।
एक दिन पहले से होटल में ठहरे थे पार्षद :
जोड़-तोड़ के भय से भाजपा संगठन ने अपने सभी पार्षदों को शहर से बाहर भोपाल में एक निजी होटल में रात्रि विश्राम कराया सुबह बैठक ली गई। और फिर क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटवा अपने दल-बल के साथ सीधे अधिवेशन स्थल पर पहुंचे।

